लोकसभा चुनाव : भाजपा ने 195 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, रांची से संजय सेठ को मिला टिकट

♦Laharnews.com Correspondent♦

 रांची : आगामी लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। भाजपा ने इस बार भी पीएम मोदी सहित कई दिग्गजों को मैदान में उतारा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट , अमित शाह गांधी नगर और राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड में भी 14 में से 11 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गयी है। संजय सेठ रांची से दुबारा लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
झारखंड लोकसभा की 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की
हजारीबाग से इस बार भाजपा ने मनीष जायसवाल को टिकट दिया है। वहीं, गोड्डा से निशिकांत दूबे को टिकट दिया गया है। जमशेदपुर लोकसभा सीट से विद्युत वरण महतो को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसके अलावा दुमका से सुनील मरांडी, कोडरमा से अन्नापूर्णा देवी, सिंहभूम से गीता कोड़ा, खूंटी से अर्जुन मुंडा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। रांची लोकसभा सीट से संजय सेठ को टिकट दिया गया है। साथ ही लोहरदगा से समीर उरांव को टिकट मिला है। पलामू से बीडी राम और राजमहल सीट से तालामरांडी को टिकट मिला है।

भाजपा ने कई केंद्रीय मंत्री को मैदान में उतारा
भाजपा पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि उम्मीदवारों की पहली सूची में 34 केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री को मैदान में उतारा गया है। उन्होंने बताया कि 195 उम्मीदवारों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल हैं।

गांधीनगर से अमित शाह बने उम्मीदवार
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गांधीनगर और मनसुख मंडाविया पोरबंदर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने राजनाथ सिंह को लखनऊ लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है। वहीं, स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव लड़ेंगी।

विदिशा सीट से शिवराज को टिकट
पार्टी ने हेमा मालिनी को मथुरा से मैदान में उतारा है। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कि पीएम मोदी वाराणसी से, बिष्णु पदा रे अंडमान और निकोबार से, केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू अरुणाचल पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। अरुणाचल पूर्व से भाजपा सांसद तापिर गाओ चुनाव लड़ेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
इन राज्यों में हुआ उम्मीदवारों का एलान
भाजपा ने अपनी 195 उम्मीदवारों की पहली सूची में उत्तर प्रदेश से 51, पश्चिम बंगाल से 26, मध्य प्रदेश 24 , गुजरात से 15, राजस्थान से 15, केरल से 12, तेलंगाना से 9, असम की 14 में से 11 , झारखंड से 11 , छत्तीसगढ़ से 11, दिल्ली से 5 , जम्मू कश्मीर से 2, उत्तराखंड से 3 ,अरूणाचल प्रदेश 2, गोवा से 1 , त्रिपुरा 1, अंडमान-निकोबार से 1 और दमन दीव से 1 सीट की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *