छठ: अस्‍ताचलगामी सूर्य को अर्घ्‍य

♦लहर न्यूज संवाददाता♦
  रांची/पटना: लोकआस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन शुक्रवार की शाम झारखंड -बिहार के विभिन्न हिस्सों में नदियों, तालाबों, जलाशयों ,घर तथा अपार्टमेंट की छतों पर लाखों व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। कोरोना काल में छठ पर्व को लेकर गंगा के छठ घाट पर व्रतियों की संख्या हालांकि अन्य सालों से कम दिखी।
छठ को लेकर पूरा झारखंड-बिहार भक्तिमय हो गया है। नदियों के तटों, तालाब और जलाशयों पर भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा।
मोहल्लों से लेकर गंगा तटों तक यानी पूरे इलाके में छठ पूजा के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। छठ पर्व को लेकर गंगा घाटों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। राजधानी की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक की सफाई की गई।

दूसरी ओर बिहार के मुख्यमंत्री आवास में भी छठ के गीत गूंज रहे हैं. मुख्यमंत्री परिसर में शुक्रवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए काफी चहल-पहल रही। शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने स्वजनों को अर्घ्य दिलाया। शनिवार की सुबह लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो जाएगा। बुधवार को नहाय-खाय से चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *