झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो चेन्नई से इलाज कराकर चार्टर्ड विमान से रांची लौटे

♦Laharnews.com Correspondent♦
  रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो सोमवार को चेन्नई से इलाज कराने के बाद चार्टर्ड विमान से वापस रांची लौट आये। रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद उनकी अगुवाई की। राज्य सरकार के निर्देश पर रिम्स के क्रिटिकल केयर यूनिट के अध्यक्ष डाॅ. प्रदीप भट्टाचार्य तथा मेडिसिन विभाग के डाॅ. अजित डुंगडुंग सोमवार को ही सुबह चार्टर्ड विमान से मंत्री को लाने चेन्नई गए थे। चिकित्सकों ने वहां मंत्री की सघन जांच की तथा उनके स्वस्थ होने को लेकर पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद अपनी देखरेख में उसी विमान से वापस लेकर रांची लाए।
मंत्री फिलहाल रांची स्थित अपने नए सरकारी आवास में रहेंगे। इस आवास की पूरी व्यवस्था को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री के आगमन के पूर्व खुद जाकर देखा। यहां जरूरी चिकित्सीय उपकरण भी लगे हुए हैं।

गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री महतो पिछले वर्ष कोरोना की पहली लहर में संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी। इसके बाद टीम की सलाह पर मंत्री को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया था। चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री का कोरोना संक्रमण से खराब फेफड़ा को ट्रांसप्लांट किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *