खूंटी: कर्रा में ठनका गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

♦Laharnews.com Correspondent♦
  रांची : खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड इलाके से एक दिन दहलाने वाली घटना सामने आयी है। कर्रा प्रखंड के लरता पंचायत के डहुटोली गांव में शनिवार की दोपहर ठनका गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। मृतकों में मंगा मुंडा (55वर्ष), पत्नी जिवंती मुंडाइन (45वर्ष), बेटा पूना मुंडा (32वर्ष), पतोहू जयमा मुंडाइन (30वर्ष) और पोता आयुष मुंडा (5 वर्ष) शामिल हैं। इसके बाद अब घर में मंगा की दो बेटियां, एक पोता (दो वर्ष) और एक पोती (6 वर्ष) बचे हैं। एक बेटी दिल्ली में आया का काम करती है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहेड़ा पेड़ के नीचे हुई पांचों की मौत
घटना के सिलसिले में मिली जानकारी के अनुसार परिवार के पांचों सदस्य सहित अन्य दो बच्चे शनिवार को खेत में मूंगफली रोप रहे थे। लगभग साढ़े 11 से 12 बजे के बीच हल्की बारिश शुरू हुई, सभी भींगने से बचने के लिए पास के एक बहेड़ा पेड़ के नीचे चले गए। उसी समय आसमानी बिजली गिरी और एक साथ पांचों की मौत हो गई। मृतकों का भोजन भी उसी स्थल पर पड़ा था। एक से डेढ़ बजे के आसपास कुछ चरवाहे जब उस ओर गए तो पांचों का शव देखा। मृतक पूना मुंडा का दो साल का बेटा और छह साल की बेटी भी दुर्घटनास्थल के पास ही थे, उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हुआ है? घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण आये और दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर घर पहुंचाया। मंगा मुंडा की एक बेटी घर पर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *