रांची: झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और कोडरमा के पूर्व सांसद रवींद्र राय के काफिले पर बोकारो में रविवार दोपहर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला उस समय किया गया जब पार्टी की ओर से आयोजित किसान मोर्चा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए वह बोकारो के रास्ते धनबाद जा रहे थे। इसी दौरान तेलमोच्चा दामोदर पुल के पास अराजक तत्वों ने गाड़ी पर हमला कर दिया। वाहन पर पथराव किया गया। इसमें वाहन के शीशे टूट गए। चालक के साथ मारपीट की गई। इसके अलावा अंगरक्षक के साथ धक्का-मुक्की और अमर्यादित व्यवहार किया गया। मामले में चास के मुफ्फसिल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की ओर से बनाई गई नियमावली में भोजपुरी भाषा को शाामिल करने के विरोध में कुछ संगठनों की ओर से मानव श्रृंखला बनाई गई थी। रास्ते में जाम होने के कारण भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का काफिला फंस गया। इस दौरान पूर्व सांसद का काफिला देखकर कुछ लोगों ने घेर लिया। कार के पास आकर नारेबाजी करने लगे। लोगों की भीड़ देखकर पूर्व सांसद वाहन से नीचे उतर गए। लोगों को समझाया। कुछ आंदोलनकारियों से बात की। इसके बाद भी जब वह आगे नहीं जा सकेंगे तो गाड़ी में बैठकर वापस लौटने लगे। इसी दौरान कुछ लोग गाड़ी पर चढ़ गए।
इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पीछे से वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें गाड़ी के शीशे टूट गए। जब चालक ने घटना का विरोध किया तो उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। बीच बचाव करने गए अंगरक्षक के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद पूर्व सांसद किसी तरह वहां से निकले।






Who's Online : 0