रांची : लिट्टीपाड़ा उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद आरक्षण अधिकार मोर्चा की गुरुवार को हुई बैठक में मोर्चा के युवा छात्र नेता अजय चौधरी ने झामुमो की जीत को साम्प्रदायिक विचारों और आरक्षण विरोधियों की हार करार दिया है। झामुमो को जीत की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण के अधिकार को मिटाने की कोशिश करने वालों को जनता ऐसा ही सबक देगी। मोर्चा ने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री से त्यागपत्र की मांग की है। मोर्चा ने कहा कि सरकार भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करे। जेपीएससी के भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चार दिनों के भीतर जेपीएससी रिजल्ट में सुधार की मांग की गयी है। रिजल्ट सुधार नहीं होने पर 17 अप्रैल से राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।बैठक में आरक्षण अधिकार मोर्चा के मनोज यादव , संतोष कुमार महतो , वेद प्रकाश यादव , सुनील मेहता , मनोरंजन घोष सहित कई छात्र मौजूद थे।