झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन मिलना चाहिए: दीपक प्रकाश

♦डॉ बीरेन्द्र कुमार महतो ♦
 रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों ने भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश से मुलाकात की और उन्हें 14 सूत्री मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष राजू महतो, मोर्चा के वित्त प्रमुख प्रेम मित्तल, प्रवक्ता पुष्कर महतो, सदस्य गणेश दास व मुन्ना सिंह प्रमुख थे।
मोर्चा के प्रतिनिधियों से सांसद दीपक प्रकाश ने कहा, झारखंड आंदोलनकारियों के सभी अमर पुरोधा के वंशजों को सम्मान मिलना चाहिए। साथ ही झारखंड के 11 झारखंड आंदोलनकारियों के मान-सम्मान, स्वाभिमान, पहचान की रक्षा होनी चाहिए। आंदोलनकारियों को समान रूप से पेंशन दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य का गठन लंबे संघर्ष के बाद हुआ है। इस लड़ाई में सिर्फ एक परिवार का ही योगदान नहीं, बल्कि लाखों झारखंड आंदोलनकारियों का योगदान है।सभी लोगों के योगदान को सम्मान व पहचान मिलनी चाहिए। हमारी सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में अलग राज्य गठन किया। झारखंड वनांचल आंदोलनकारी चिन्हितिकरण आयोग का गठन किया एवं प्रथम चरण में पेंशन देने की योजना भी लागू की।
मोर्चा के अध्यक्ष राजू महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य निर्माण की तिथि से झारखंड आंदोलनकारियों को एक समान रूप से मान-सम्मान, पेंशन व पहचान मिलनी चाहिए। साथ ही झारखंड के सभी आंदोलनकारियों को झारखंड आंदोलनकारी सेनानी का दर्जा दिया जाना चाहिए। यह दर्जा गृह कारा आपदा प्रबंधन अधिनियम जांच अधिनियम 1952 के तहत सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
वित्त प्रमुख व कोर कमेटी के सदस्य व झारखंड आंदोलनकारी प्रेम मित्तल ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों की दशा और दिशा अब बदलनी ही चाहिए। झारखंड अलग राज्य जिस मूल्य को लेकर अलग हुआ है उसकी रक्षा होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *