नागपुरी साहित्यकार डॉ भुवनेश्वर अनुज का निधन, इंकलाबी नौजवान लेखक संघ ने शोक व्यक्त किया

♦Laharnews.com Correspondent♦
 रांची:झारखंड के प्रख्यात साहित्यकार पत्रकार एवं झारखंड आंदोलनकारी डॉ भुवनेश्वर अनुज का  हृदयाघात  से आज शुक्रवार को दोपहर तीन बजे   नागरमल मोदी सेवासदन में निधन हो गया। डॉ अनुज के निधन से झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा परिवार मर्माहत है। इंकलाबी नौजवान लेखक संघ ने प्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार, शिक्षाविद, कई पुस्तकों के लेखक और नागपुरी साहित्य संस्कृति के विराट अध्येता डॉ भुवनेश्वर अनुज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष सुनील मिंज एवं सचिव डॉ बीरेन्द्र कुमार महतो ने डॉ अनुज के निधन को नागपुरी साहित्य जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि वे अपनी विद्वता के लिये हमेशा हमारे बीच जीवित रहेंगे। उन्होंने साहित्य की कई विधाओं में बेहतरीन रचनाएँ समाज को दी हैं। डॉ महतो ने कहा कि डॉ भुवनेश्वर अनुज ने अपने साहित्य कर्म व शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कर समाज को एक नयी दिशा देने का काम किया। झारखंड आंदोलन को गतिमान बनाने के लिए उनके अमूल्य रचनाएं भी प्रकाशित हुई हैं। बौद्धिक स्तर से उन्होनंे झारखंड आंदोलन को गति देने का काम किया है। उनके इस योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। डॉ महतो ने कहा कि डॉ अनुज काफी मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। वह हमेशा छात्रों, शोधकर्ताओं एवं नये लेखकों-रचनाकारों के लिये मार्गदर्शक अभिभावक के रूप में हमेशा खड़े रहते थे। हमेशा हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *