सहायक शिक्षक सुनील महतो की हालत गंभीर, साढ़े नौ लाख हुए खर्च, अब बेबस मां की मुख्यमंत्री से गुहार

♦Dr. BIRENDRA KUMAR MAHTO♦
 रांची: पिछले 29 दिनों से कोविड-19 से जंग लड़ रहे प्लस टू हाई स्कूल, बचरा के सहायक शिक्षक सुनील कुमार महतो की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 28 अप्रैल 2021 को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर चेकअप उनका कराया गया, जिसमें इन्हें कोविड पोजिटिव पाया गया। आक्सीजन लेबल 70 पर था। तब काफी मशक्कत के बाद कांके जेनरल हास्पिटल, रांची में 29 अप्रैल को उन्हें भर्ती कराया गया। 3 मई को अचानक आक्सीजन लेबल 22 पर आने के बाद आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया था।


मूल रूप से डाल्टेनगंज के लेसलीगंज निवासी सुनील कुमार महतो की बेबस व लाचार बूढ़ी माँ सरस्वती देवी कहती है कि अब और पैसा कहाँ से लायें। अब कुछ नहीं बचा, कहकर फफक पड़ती है। लोगों और तमाम संगठनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि वह इस मामले को अपने संज्ञान में लेते हुए तत्काल उचित कार्रवाई करें , ताकि इस शिक्षक की जान को बचाया जा सके। सुनील कुमार महतो की बेबस मां ने बेटे की जान बचाने की गुहार मुख्यमंत्री से की है।


10 दिनों तक कांके जेनरल हास्पिटल में चिकित्सा के दौरान जब इनकी स्थिति ज्यादा बिगड़ गयी तब डॉ शंभु प्रसाद सिंह ने मेडिका रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें मेडिका में भर्ती कराया गया, जहाँ वे पिछले 9 मई से इलाज करा रहे हैं। उतार चढ़ाव के बीच पिछले 29 दिनों से वह इस महामारी से जुझ रहे हैं। फिलहाल आक्सीजन सपोर्ट पर हैं। अब तक उनके इलाज पर साढ़े नौ लाख खर्च हो चुकें हैं। परिवार में एकमात्र कमाने वाले यही हैं। इनकी नियुक्ति सहायक शिक्षक के रूप में जून 2019 में हुई थी। इलाज कराते-कराते परिवार वालों की आर्थिक स्थिति भी काफी दयनीय हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *