रांची के व्यवसायी और समाजसेवी तिलक राज अजमानी का निधन

♦Laharnews.com Correspondent♦
    रांची : रांची के पूर्व विधायक गुलशन अजमानी के बड़े भाई , रांची के बड़े व्यवसायी और समाजसेवी तिलक राज अजमानी का शनिवार की सुबह गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे और अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व वह बीमार हुए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां वह वेंटिलेटर पर थे। शनिवार की भोर में कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनकी मृत्यु हो गई।
उनके पुत्र और चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने बताया कि पार्थिव शरीर देर शाम को दिल्ली से विमान के जरिए रांची लाया जाएगा। पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि रविवार को रांची में होगी। दिवंगत तिलकराज आजमानी टेंट के कारोबार से लंबे समय से जुड़े हुए थे। वह ऑल इंडिया टेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक एवं झारखंड टेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के आजीवन चेयरमैन थे। वह श्री महावीर मंडल रांची महानगर कमेटी के अध्यक्ष, रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति के पूर्व अध्यक्ष, चर्च रोड श्री दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक समेत दर्जनों धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्था से जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *