♦ Laharnews.com Correspondent♦
रांची : झारखंड के सिमडेगा जिले में 11वीं राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इसके अलावा सिमडेगा में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास,उद्घाटन एवं युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। परिसम्पतियों का भी वितरण किया गया। उन्होंने कहा-हॉकी को उसकी पराकाष्ठा और खिलाड़ियों को उम्दा संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम के निर्माण की आधारशिला रखी गई है। मुख्यमंत्री सिमडेगा के एस एस बालिका उच्च विद्यालय परिसर में 11वीं राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 के शुभारंभ एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के शिलान्यास और परिसंपत्तियों के वितरण समारोह में बोल रहे थे।
खिलाड़ियों को मिल रहा है सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार अपना अंग बनाकर सीधी नियुक्ति दे रही है। झारखण्ड के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज उसके तहत 79 नवयुवकों व नवयुवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
खास बातें
★27 करोड से अधिक की लागत से 25 योजनाओं का शिलान्यास और 32 करोड़ से अधिक की लागत 35 योजनाओं का उद्घाटन हुआ है
★28 करोड़ से अधिक की राशि की कुल 6 योजनाओं के जरिये 990 लाभुकों को मिला लाभ एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्वावलंबन को ले बकरी, मुर्गी, सुकर पालन के लिए मिली आर्थिक सहायता, क्रेडिट लिंकेज से लाभान्वित हुईं एसएचजी की महिलाएं
★कुल 101.590 करोड़ की विकासशील एवं कल्याणकारी योजनाओं उद्घाटन और शिलान्यास एवं परिसंपत्तियों का वितरण
★मुख्यमंत्री ने सांकेतिक तौर पर 12 युवक एवं युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपा, कुल 79 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र
जहां भी है संभावना, वहां सरकार बढ़ावा देगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सब जूनियर टूर्नामेंट का आयोजन कुछ माह पूर्व ही सम्पन्न हुआ। पुनः राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। राज्य के लिए यह सौभाग्य की बात है कि यहां देश भर से हॉकी खिलाड़ी आये हैं। देश की बच्चियां जो देश-विदेश में अपना जौहर दिखाती हैं। आज वे सिमडेगा की भूमि पर आईं हैं। झारखण्ड के खिलाड़ियों को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलेगा। झारखण्ड सिर्फ खनिज के लिए ही नहीं बल्कि खेल के लिए भी जाना जाएगा। सरकार का संकल्प है कि खेल में जहां की संभावना है वहां सरकार खेल को बढ़ावा देगी।
खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति मिली : भूषण बाड़ा
सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि आज का काफी अहम है। आज यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का शिलान्यास हुआ है। राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। सरकार ने 39 खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी है। राज्य भर में खेल के मैदान का निर्माण पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर किया जा रहा है।
खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलेंगी : नमन विक्सन
कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाडी ने कहा, खेल हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। खेल सामुहिक एकता को प्रतिविम्बित करता है। यह रोजगार पाने का बड़ा साधन है। यही वजह है कि राज्य सरकार खेल के विकास को लेकर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा प्रदान करने की कोशिश की जा रही है।
इनकी थी मौजूदगी
मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग अमिताभ कौशल, उपायुक्त सिमडेगा सुशांत गौरव, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्यान्द्रों दियोंगम, अध्यक्ष हॉकी झारखण्ड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, खिलाड़ी एवं अन्य उपस्थित थे।