राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बोले पीएम मोदी- भाजपा किसी परिवार पर केंद्रित पार्टी नहीं है, पांच राज्यों में जीत के लिए मंत्र

♦Laharnews.com ♦
पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पांच राज्यों में आगामी चुनाव को लेकर मंत्र दिए। पीएम ने कहा कि पार्टी को सामान्य आदमी के विश्वास का सेतु बनना चाहिए। उन्होंने जनता की सेवा को सबसे बड़ी पूजा बताया। विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा किसी परिवार पर केंद्रित पार्टी नहीं है। सेवा, संकल्प व समर्पण इसके मूल्य हैं।
भाजपा किसी परिवार तक सिमटी पार्टी नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा किसी परिवार के इर्दगिर्द सिमटी हुई पार्टी नहीं है। बल्कि सेवा, संकल्प और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने वाले कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इस सिलसिले में उन्होंने कोरोना संकट के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जनता के बीच किए गए कार्यों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टी होने के बावजूद भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के मंत्र के साथ अपनी जान की परवाह किए बिना मानवता की सेवा में लगे थे।

नए क्षेत्रों में हो रहा भाजपा का विस्तार

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले दिनों उपचुनावों के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा का विस्तार नए क्षेत्र में हो रहा है। जिन सीटों पर भाजपा हार भी गई है, वहां बढ़े हुए मत इसकी पुष्टि करते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर के अनुसार, इस सिलसिले में प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के बाडवेल विधानसभा सीट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पिछली बार इस विधानसभा सीट पर भाजपा को महज 750 मत मिले थे, लेकिन इस बार 21 हजार से अधिक मत मिले हैं। इस क्रम में उन्होंने तेलंगाना में हुजूराबाद लोकसभा सीट पर भाजपा की मिली जीत का भी जिक्र किया।

बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन संबोधन में प्रधानमंत्री ने आने वाले समय में भाजपा की कार्यनीति को बनाने के लिए एक बड़ा मंत्र सभी कार्यकर्ताओं को दिया। पीएम ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को सामान्य आदमी के मन के विश्वास का सेतु बनना चाहिए। हम मेहनत व जनता की सेवा से आगे बढ़े हैं। दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने आज केंद्र में जो स्थान पाया है, उसका बहुत बड़ा कारण है कि वह हमेशा आम आदमी से जुड़ी रही है।

पंजाब में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा
पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विन शर्मा ने बैठक में कहा कि आने वाले समय में भाजपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। केंद्रीय मंत्री यादव ने बताया कि इस तैयारी के साथ बैठक में सारे विषयों को रखा गया।

दुनिया ने माना भारत का लोहा
यादव ने बताया कि पीएम ने बैठक में कहा कि सत्ताधारी पार्टी ने महामारी के दौर में सबका सहयोग किया। दुनिया के लोगों ने भारत का लोहा माना। भाजपा ने अपने लोकतांत्रिक मूल्यों से इसमें योगदान दिया है।

जेपी नड्डा ने की मोदी की तारीफ
बैठक के उद्घाटन भाषण में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने महामारी के बीच साहसी कदम उठाए। इससे अर्थव्यवस्था को फायदा पहुंचा। नड्डा ने कहा कि लॉकडाउन जैसा कड़ा फैसला पीएम ने लिया और लॉकडाउन के तीन महीने के भीतर लोगों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कोविड से लड़ने के लिए तीन ज् (ट्रैक, टेस्ट और ट्रीट) तकनीक का पालन किया गया। पीएम ने आगे आकर महामारी के खिलाफ जंग का नेतृत्व किया। मोदी एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो देश के किसानों के हित के लिए प्रगतिशील नीतियां और कानूनों को लेकर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *