झारखंड पीपुल्स पार्टी का मना स्थापना दिवस,सरकार की नीतियों की आलोचना,तीसरे मोर्चे पर जोर

♦Laharnews.com Correspondent♦
   जमशेदपुर: जमशेदपुर में झारखंड पीपुल्स पार्टी (जेपीपी) का 31वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। रामगढ़ के पूर्व विधायक अर्जुन राम महतो की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, झारखंड मुक्ति मोर्चा (उलगुलान) धनबाद के केंद्रीय महासचिव बेनी लाल महतो, केंद्रीय सचिव दिगंबर महतो, झारखंड पीपुल्स पार्टी (जेपीपी) के केंद्रीय सचिव उमानाथ कोल और झारखंड आंदोलनकारी मोहम्मद मुस्ताक अहमद खासतौर से मौजद थे। कार्यक्रम का संचालन झारखंड पीपुल्स पार्टी के संस्थापक और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने किया। इस मौके पर राज्य की हेमंत सरकार के कार्यों की समीक्षा भी की गयी और सरकार पर नीतियों की आलोचना हुई।
मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो ने कहा- 1932 के खतियान के आधार पर स्थानीय नीति निर्धारण करने की मांग पर आगामी 4 फरवरी 2022 को संपूर्ण झारखंड बंद किया जाएगा ।
झारखंड मुक्ति मोर्चा उलगुलान के केंद्रीय महासचिव बेनी लाल महतो ने कहा, जिस मकसद से झारखंड की जन आकांक्षाओं के अनुरूप 4 फरवरी 1973 को धनबाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया था वह सपना साकार नहीं हो सका है।
झारखंड पीपुल्स पार्टी के संस्थापक व पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा ने भी अपने विचार रखे और सरकार की आलोचना की।
पूर्व विधायक अर्जुन राम महतो ने कहा है कि झारखंड में तीसरा राजनीतिक विकल्प बनना जरूरी है धन्यवाद ज्ञापन झारखंड पीपुल्स पार्टी के केंद्रीय सचिव श्री उमानाथ कोल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *