रामनवमी : आस्था के समंदर में भक्तों का सैलाब, निकली भव्य शोभायात्रा

रांची : राजधानी रांची सहित झारखंड के अलग-अलग जिलों में बुधवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया गया। श्रीराम और हनुमान की भक्तों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ अपने भगवान की आराधना के लिए उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तगण घरों से मंदिरों में पहुंचने लगे थे। हर जगह महावीरी पताके लहरा रहे थे। श्रीराम के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय होता गया। रामनवमी को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। राजधानी रांची में श्री महावीर मंडल केंद्रीय कमेटी की ओर से रामनवमी की शोभायात्रा निकाली गयी। राजधानी महावीरी पताके से अटी रही। भक्ति गीत से माहौल राममय हो गया। अल्बर्ट एक्का चौक पर राम के भक्तों ने अस्त्र-शस्त्र चालन का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। ढोल, नगाड़े और ताशा की धुन पर शोभायात्रा में शामिल भक्त और भक्तों की टोलियां थिरकतीं रहीं। इस दौरान जोर-जोर से जय श्रीराम और जय हनुमान का जयघोष होता रहा। इससे पहले राजधानी के विभिन्न हिस्सों से शोभायात्रा अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। शोभायात्रा में करीब चौदह सौ अखाड़े शामिल हुए। श्री महावीर मंडल रांची महानगर समिति के की ओर से मेन रोड स्थित संकट मोचन मंदिर से 501 झंडों के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में भजन का गायन हुआ। डोरंडा में श्री महावीर मंडल केन्द्रीय समिति और श्री महावीर मंडल डोरंडा की ओर से डॉ राजेन्द्र प्रसाद चौक पर भरत मिलाप का आयोजन हुआ। शहर में निकाली गयी शोभायात्रा में महिलाएं भी उत्साह और भक्ति के साथ शामिल हुई। नारी सेना की रामभक्ति शांति और सद्भावना का संदेश दे रही थी।  शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकाली गयी शोभायात्रा में शामिल भक्तगण महावीरी पताके के साथ  शाम को तपोवन मंदिर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना गयी। इसके बाद सभी अपने-अपने क्षेत्रों और घरों में वापस लौट आये। दूसरी ओर एसडीओं भोर सिंह यादव ने भड़काऊ गाने बजाने के आरोप में चार जगहों से छह लोगों को पकड़ा। बांड भरा कर घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने की चेतावनी देकर आरोपियों को छोड़ा गया।

हथियार के साथ एक गिरफ्तार

रामनवमी शोभायात्रा के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर हथियार के साथ नन्दजी यादव नामक एक व्यक्ति की कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तारी की है। इस सिलसिले में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस गिरफ्त में आया व्यक्ति अपने पास कंबल में छुपाकर रायफल रख कर जुलूस में शामिल। व्यक्ति खुद को एक निजी सुरक्षा ऐजेंसी का गार्ड बता रहा है। पुलिस उससे पूरे मामले की जानकारी ले रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *