जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या, भारत में 9 जुलाई को राष्ट्रीय शोक

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। हत्यारे का नाम तेत्सुया यामागामी है। हमले के करीब छह घंटे बाद शिंजो आबे की जिंदगी मौत से हार गयी। उनकी हत्या की खबर मिलते ही भारत सहित पूरी दुनिया में सनसनी फैल गयी। लोग शोक में डूब गये। भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भारत में 9 जुलाई को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गयी है।
आज सुबह ही जापान के नारा शहर में एक रैली के दौरान हमलावर ने उन पर हमला कर दिया था और उन्हें दो बेहद करीब से दो गोलियां मारी थीं। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिंजो आबे की हत्या की वजह का पता अबतक नहीं चल सका है।
गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन बचाया नहीं जा सका। जापान के एनएचके वर्ल्ड रेडियो ने उनकी मौत की पुष्टि की है। पश्चिम जापान के नारा शहर में शुक्रवार सुबह ही वह एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उनके बेहद करीब आकर हमलावर ने उन पर एक के बाद एक दो गोलियां दाग दी थीं।

गोलियां लगने के तुरंत बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े थे और उसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। उन्हें एयरलिफ्ट करके ले जाया गया था, लेकिन अस्तपाल में तमाम कोशिशों के बाद भी बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिल ने काम करना बंद कर दिया था और उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उन्हें गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया था, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। 67 वर्षीय शिंजो आबे जापान के सबसे लंबे वक्त तक पीएम रहने वाले शख्स थे। वह 2006 से 2007 के दौरान और फिर 2012 से 2020 के दौरान पीएम रहे थे। उनके दादा भी जापान के प्रधानमंत्री थे और फिर उनके पिता भी देश के विदेश मंत्री थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *