हजारीबाग में पुल से नीचे नदी में गिरी बस, 8 यात्रियों की मौत, 27 जख्मी, राष्ट्रपति,पीएम, राज्यपाल और सीएम ने शोक जताया

♦Laharnews.com Correspondent♦

 रांची: झारखंड के हजारीबाग मंे हुए हादसे में बस सवार 8 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि 27 लोग जख्मी हैं। यात्री बस गिरिडीह से रांची जा रही थी, इसी दौरान शनिवार को बस हजारीबाग में पुल से नीचे नदी में जा गिरी। जख्मी यात्रियों में कई की हालत अभी भी गंभीर बतायी जा रही है। हजारीबाग की उपायुक्त नैंसी सहाय ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम हुई इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) इलाज के लिए भेजा गया है, जबकि दूसरे घायल यात्रियों का हजारीबाग के अस्पतालों में ही इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गिरिडीह से रांची जा रही इस निजी यात्री बस में लगभग साठ लोग सवार थे, जिनमें से अधिकतर सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले थे और एक धार्मिक आयोजन में भाग लेने रांची जा रहे थे. इस हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल रमेश बैस, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा समेत कई नेताओं ने शोक प्रकट किया है। सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा, हजारीबाग जिले के टाटीझरिया में पुल से बस के गिरने से यात्रियों के हताहत होने से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *