आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डीन जोन्स का दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में निधन

 मुंबई: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और महान बल्लेबाज डीन जोन्स का दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में निधन हो गया है। उनकी उम्र 59 साल थी। जोन्स ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू 1984 में किया था। उन्होंने अपने करियर में कुल 52 टेस्ट और 164 वनडे अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले। जोन्स अपनी कमेंटरी के लिए बहुत मशहूर रहे हैं। उनके निधन की खबर से क्रिकेट जगत सन्न रह गया है। निधन के समय वह मुंबई में थे और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन के ब्रॉडकास्ट से जुड़े हुए थे। जोन्स के निधन पर तमाम दिग्गज क्रिकेटरों ने शोक जताया है।
जोंस ने 30 जनवरी 1984 को एडिलेड में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में पदार्पण किया था जबकि उन्होंने इसी साल 16 मार्च को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर करीब आठ साल का रहा और उन्होंने आखिरी टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ सितंबर 1992 में खेला। जोंस ने आखिरी वनडे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह अप्रैल 1994 को खेला था। उनके निधन से क्रिकेट की दुनिया में सन्नाटा है। उन्हें चाहने वाले शोक में डूबे हुए हैं। किसी के लिए यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है कि डीन जोंस अब इस दुनिया में नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *