♦लहर न्यूज संवाददाता♦
रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष राजू महतो व प्रधान महासचिव अजीत मिंज के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल आज नेपाल हाउस स्थित झारखंड सरकार के श्रम,नियोजन व प्रशिक्षण विभाग से झारखंड आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की। विभागीय मंत्री सत्यानंद भोक्ता के गैरमौजूदगी में सरकारी आप्त सचिव लियाकत अली को प्रतिनिधिमंडल की ओर से मंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा गया।
सरकार से झारखंड आंदोलनकारी मांरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा, एन ई होरो, बिनोद बिहारी महतो, निर्मल महतो, देवेंद्र माझी, सीपी तिर्की, डॉ रामदयाल मुंडा, डॉ बीपी केसरी, लाल रण विजय नाथ शाहदेव, रीतलाल प्रसाद वर्मा, एके राय, सोबरन अंसारी, बसीर अहमद को महान झारखंड रत्न देकर शीघ्र राजकीय पहचान व सम्मान देने की मांग की गयी। दिशुम गुरु शिबू सोरेन से लेकर सुदेश कुमार महतो तक 1-1 झारखंड आंदोलनकारियों, साहित्यकारों, कलाकारों एवं पत्रकारों को भी चिन्हित कर राजकीय सम्मान एवं पहचान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। साथ ही सभी आंदोलनकारियों का नाम गजट में प्रकाशित करने का भी अनुरोध किया गया है।
झारखंड सरकार के गृहमंत्रालय के संकल्प को लागू करते हुए आंदोलनकारियों को चिकित्सा सुविधा, आश्रितों को पेंशन, नियोजन एवं बच्चों को नियोजन आदि का लाभ सुनिश्चित करने की बात सरकार से कही गयी है।
झारखंड आंदोलनकारी चिंहितिकरण आयोग का पुनर्गठन तत्काल करने, आयोग में अध्यक्ष सहित कम से कम 11 सदस्य हों एवं आयोग का कार्यकाल कम से कम 3 वर्ष के लिए हो। ’आयोग में लंबित आवेदनों को चिन्हित करने के कार्य समयबद्ध हो, छूटे हुए आंदोलनकारियों के लिए विज्ञापन प्रकाशित कर सभी आवेदन आमंत्रित करने सहित अन्य मांगें रखी गयी है।