छत्तीसगढ़: हमले में 22 जवान शहीद, काफी संख्या में नक्सली भी मारे गये

♦Laharnews.com desk♦
रायपुर: छत्तीसगढ़ से सुकमा-बीजापुर में हुए नक्सलियों के हमले में सुरक्षाबलों के 22 जवान शहीद हो गए हैं। इस एनकाउंटर में 9 नक्सली भी मारे गए हैं। बीजापुर जिले के एसपी कमलोचन कश्यप ने यह जानकारी दी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल ने बताया कि शुक्रवार रात बीजापुर के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना थी। इसके बाद उसी रात बीजापुर और सुकमा जिले से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन, डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। इस टुकड़ी में करीब 2 हजार जवान शामिल थे।

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बीजापुर-सुकमा जिले की सीमा पर जोनागुड़ा गांव के करीब सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ में नक्सलियों के पीएलजीसमूह के लोग शामिल थे। यह मुठभेड़ करीब 3 घंटे से अधिक समय तक चली। इस घटना में शनिवार को कुल 5 जवानों की शहादत की जानकारी मिली थी, जो रविवार तक कुल 22 हो गई. इस घटना में 30 जवान भी घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में एक महिला नक्सली का शव बरामद किया गया है। सुरक्षाबल इलाके की नाकेबंदी कर नक्सलियों की तलाश कर रहे हैं। खबर है कि नक्सली कई ट्रैक्टरों में मारे गये अपने साथी नक्सलियों के शवों को लेकर भाग गये हैं। केन्द्र सरकार इस घटना के बाद लगातार राज्य सरकार के संपर्क में है। गृहमंत्री अमित शाह अपने कार्यक्रमों में बदलाव का वापस दिल्ली लौट आये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *