राजकीय सम्मान के साथ बंदी उरांव की अंत्येष्टि

♦Laharnews.com Correspondent♦
रांची : छोटानागपुर-संतालपरगना क्षेत्रीय काँग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष ,संयुक्त बिहार के पूर्व मंत्री,एसटी आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व आईपीएस बंदी उरांव की आज राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गयी। कल रांची स्थित आवास में उन्होंनें अंतिम सांस ली थी।
कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि दी गयी
बंदी उराँव की शव यात्रा इटकी रोड स्थित बगीचा टोली से सुबह दस बजे निकली। उनके पार्थिव शरीर को सबसे पहले कांग्रेस भवन लाया गया। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा रामेश्वर उराँव के नेतृत्व में कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश,प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे,लाल किशोर नाथ शाहदेव,डा राजेश गुप्ता छोटू,अमूल्य नीरज खलखो, अनादि ब्रह्म, प्रदीप तुलस्यान,काली चरण मुण्डा,संजय पाण्डेय, सुरेश बैठा,पूर्व विधायक गंगा टाना भगत,नीरज भोक्ता, सोरेन राम,गुलजार अहमद,दीपक ओझा,मदन महतो,नन्दलाल शर्मा, अजय सिंह सहित कांग्रेस जनों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
इस मौके पर स्वर्गीय बंदी उरांव के पुत्र अरुण उरांव, पुत्र वधू व पूर्व मंत्री श्रीमती गीताश्री उरांव, उनके दामाद प्रकाश उराँव एवं दोनों बेटियां भी साथ थीं।
बंदी उरांव ने सिद्धांतों,मूल्यों और विचारों की राजनीति की: डाॅ रामेश्वर उरांव
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा पुलिस अधिकारी से लेकर राजनीतिक जीवन की एक लंबी पारी में उन्होंने हमेशा सिद्धांतों,मूल्यों और विचारों की राजनीति की। आदिवासी समाज का एक महान व्यक्तित्व हमसे आज दूर हो गया। भूरिया कमेटी की सिफारिशों को लागू करना,ग्राम सभा को शक्तिशाली बनाना, पांचवी अनुसूची को मजबूत रखना, पेसा कानून, भूमि अधिग्रहण कानून का पालन करना जैसी उनकी इच्छाओं को हम जरूर पूर्ण करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दूबे ने बताया कि कांग्रेस भवन से 11 बजे पार्थिव शरीर विधानसभा ले जाया गया। विधानसभा में राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी गई और तत्पश्चात सड़क मार्ग द्वारा बंदी उराँव के पैतृक निवास गुमला ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *