♦Laharnews.com Correspondent ♦
चाईबासा/रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चाईबासा के पिल्लई सभागार में आज कई योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और गरीबों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने चाईबासा स्थित रेलवे ओवरब्रिज, सुसज्जित पिल्लई हॉल जनता को सुपुर्द किया।
एसीसी सीमेंट कंपनी के लिए चयनित 45 एवं टिस्को अप्परेंट आइसशिप में चयनित 36 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये। मुख्यमंत्री ने 3351 किसानों के बीच केसीसी ऋण का वितरण किया। उन्होंने 11098 लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण, 51 योजनाओं का शिलान्यास एवं 44 योजनाओं का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा- इससे पूर्व 2013 में नियुक्ति पत्र वितरित किया गया था। इस क्षेत्र में बड़े उद्योग आ रहें हैं। स्टील उद्योग स्थापित होने की प्रक्रिया में है। इससे भी क्षेत्र में रोजगार का सृजन होगा। अब सब चीजों को नया स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है। गरीबों के साथ सरकार खड़ी है।
पश्चिमी सिंहभूम की बात करें तो खेल योजना के तहत 724 मैदान तैयार किए जाने हैं, इनमें से एक 114 मैदान का कार्य पूर्ण हो चुका है। 420 मैदान का निर्माण कार्य जारी है। किसानों की ऋण माफी के तहत प. सिंहभूम के करीब 1500 लाभुकों को आच्छादित किया गया है। अन्य किसानों को इस योजना से आच्छादित करने का कार्य जारी है। करीब 64 करोड़ रुपए ऋण किसानों के माफ किए गए हैं।
चाईबासा में योजनाओं की बरसात : सीएम हेमंत बोले-गरीबों के साथ सरकार
