रूस का यूक्रेन पर हमला,दुनियाभर में हड़कंप

♦Laharnews.com ♦
रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है । रूस की जमीनी और वायुसेना दोनों मिलकर यूक्रेन पर हमला कर रही है। यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम को हमले में तबाह बर्बाद कर दिया गया है। यूक्रेन ने भी रूस के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा किया है, हालांकि रूस ने इसका खंडन किया है। रूसी हमले के बीच यूक्रेन अब कीव समेत कई एयरपोर्ट खाली कराने में जुटा है। रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइल दागे हैं। यह बात यूक्रेन के विदेश मंत्री ने भी स्वीकार की है। रूस के हमले के ऐलान के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बार फिर कहा है कि यूएस और अन्य सहयोगी शांत नहीं बैठेंगे और पुतिन के इस कदम का जवाब दिया जाएगा। उधर पुतिन ने कहा कि यह मिलिट्री ऑपरेशन उनके देश की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। भारत में भी एक उच्चस्तरीय बैठक चल रही है।

रूस के हमले में सात लोगों की मौत
यूक्रेन के कई शहरों में रूस हमला कर रहा है। जानकारी के मुताबिक मरियुपोल शहर में टैंक देखे गए हैं। एयरपोर्ट पर भी हमला किया गया है। रूस के हमले में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि नौ लोग घायल हुए हैं।


भारत ने की युद्ध टालने की अपील

रूस और यूक्रेन के विवाद के बीच भारत के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत तत्काल युद्ध टालने की अपील कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह तनाव किसी भीषण संकट में बदल सकता है। अगर इसे अभी नहीं संभाला गया तो यह घातक भी हो सकता है। सभी पक्षों की सुरक्षा का ध्यान देना आवश्यक है।


एंजेला मर्केल बोलीं, यूरोप के इतिहास का काला दिन
जर्मनी की चांसल एंजेला मर्केल ने कहा है कि यह यूरोप के इतिहास का काला दिन है। यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि उम्मीद है यूक्रेन इस संकट का सामना कर लेगा।

भारत ने जारी की यूक्रेन में रहने वाले भारतीयों के लिए अडवाइजरी
यूक्रेन में बिगड़ते हालात के बीच भारत ने वहां रहने वाले लोगों के लिए अडवाइजरी जारी की है। अडवाइजरी में कहा गया है कि जो लोग जहां हैं, वहीं रहें। इसमें कहा गया है कि यदि कोई राजधानी कीव की तरफ गया है तो घर या हॉस्टल लौट जाएं और अंदर ही रहें।

रूस का दावा, नष्ट कर दिए सैन्य एयरबेस
रूस का दावा है कि उसने यूक्रेन के एयरबेस और एयर डिफेंस को नष्ट कर दिया है। वहीं यूक्रेन की सेना ने रूसी विमान को मार गिराने का दावा किया था। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने टू डू लिस्ट जारी की है।

यूक्रेन का दावा, मार गिराए रूसी विमान, हेलिकॉप्टर
रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है। इसी बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने लुहान्स्क में रूसी सेना के चार विमानों और एक हेलिकॉप्टर को मार गिराया है। बता दें कि यह प्रांत अलगाववादी प्रांत है। रूस ने इसकी आजादी का ऐलान किया था।
कनाडा ने दी रूस को धमकी
कनाडा ने रूस को धमकी देते हुए कहा है कि अगर वह यूक्रेन में और आगे बढ़ा तो उसे इसका खमियाजा भुगतना होगा। जस्टिन र्ट्रूड के कार्यालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि रूस की यह करतूत ऐसे ही नहीं नजरअंदाज की जा सकती। इसके लिए उसे सजा मिलनी जरूरी है।

यूक्रेन की पीएम नरेंद्र मोदी से अपील
यूक्रेन को लेकर बढ़ते तनाव के बीच नई दिल्ली में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि नई दिल्ली और रूस के बीच विशेष संबंध हैं। ऐसे में नई दिल्ली हालात को नियंत्रित करने में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकती है। पोलिखा ने कहा है कि हम पीएम नरेंद्र मोदी से अपील करते हैं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जल्द से जल्द हमारे राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से संपर्क कराएं।

यूरोपीय यूनियन चीफ ने संकट के लिए रूस को बताया जिम्मेदार
यूरोपीय यूनियन के चीफ ने कहा कि यूक्रेन में इस संकट के लिए रूस जिम्मेदार है। ऐसे संकट के समय में यूक्रेन के मासूम लोग परेशान हैं। बूढों,बच्चों और महिलाओं पर भी हमले हो रहे हैं। यह बहुत ही दुखद है।

बीच रास्ते से दिल्ली लौटा एयर इंडिया का विमान
यूरोपियन एविएशन एजेंसी ने ऐलान किया है कि इस समय यूक्रेन के एयर स्पेस में उड़ान भरना खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में भारत का एक विमान जो यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए जा रहा था उसे भी वापस बुला लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *