गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत, हिमाचल में कांग्रेस को मिली सत्ता

 गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की है, वहीं हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल में सत्ता बदलते की परंपरा कायम रही। हिमाचल प्रदेश में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। इस तरह गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के साथ छह विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के लिए मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में 68, गुजरात में 182 विधानसभा सीटें हैं। गुजरात में सातवीं बार भाजपा रेकॉर्ड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। भाजपा ने 182 सीटों वाली विधानसभा में 157 सीटों पर जीत हासिल की। यहां कांग्रेस सिर्फ 17 पर समिट गई। आम आदमी पार्टी पांच सीटें जीत पाई। हिमचाल प्रदेश में रिवाज कायम है और कांग्रेस ने भाजपा को हरा दिया। कांग्रेस ने 68 सीटों वाली विधानसभा में 40 सीटें जीतीं। वहीं भाजपा 25 सीट ही जीत पाई। आम आदमी पार्टी यहां खाता भी नहीं खोल पाई।
सिराज विधानसभा सीट पर छठी बार जीते जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले की सिराज विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार चेतराम को 38,183 वोट से हरा दिया है। ठाकुर (57) ने छठी बार इस सीट पर जीत हासिल की है। राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार मिलने के बावजूद ठाकुर अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे।
कांग्रेस का विधायकों को शिमला में रहने का निर्देश
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने अपने नवनिर्वाचित विधायकों से शिमला में ही रहने को कहा है। कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि वे शहर से बाहर ना जाएं। शुक्रवार को ऑब्जर्वर भूपेंद्र हुड्डा, भूपेश बघेल और राजीव शुक्ला उनसे मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *