चुनाव में हर वर्ग का भाजपा को मिला समर्थन, जनता के सामने नतमस्तक हूं: पीएम मोदी

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम ने इस दौरान गुजरात की जनता का धन्यवाद किया। उन्होने कहा कि मैं लोगों के आगे नतमस्तक हूं, उनका आशीर्वाद अपार है। पीएम मोदी ने कहा, मैं हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं का भी शुक्रगुजार हूं, जहां हमारा मत प्रतिशत जीतने वाली पार्टी के मुकाबले एक फीसदी से भी कम है। जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है, उसकी खूशबू आज हम चारों तरफ अनुभव कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात, हिमाचल और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के प्रति ये स्नेह देश के अलग अलग राज्यों के उपचुनाव में भी दिख रहा है। यूपी के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई है। बिहार के उपचुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संदेश कर रहा है। भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा को मिला जनसमर्थन भारत के युवाओं की ‘युवा सोच’ को दर्शाता है। भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा हर सुविधा को प्रत्येक गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाना चाहती है। लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है। गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया।
उन्होंने कहा कि गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है। युवा तभी वोट देते हैं जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *